जशपुर। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में पांच बड़े पुलों का निर्माण किया जाएगा। राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने इन कार्यों के लिए कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में यह कदम उठाया गया है।
पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-1 के तहत भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 6 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ में 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी थी। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच पुल शामिल हैं। इन पुलों की कुल लंबाई 290 मीटर होगी। इनके बनने से दूरस्थ गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
स्वीकृत कार्यों में डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये, जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये और कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी तरह बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
पुलों के निर्माण से बारिश के दौरान नालों के कारण आवागमन बाधित होने की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिलेगी। किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों व अस्पतालों तक पहुंचने में सुविधा होगी। बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय व्यापार, रोजगार और आजीविका संबंधी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।
