पर्यटन, मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय से बदलेगी नगरी-सिहावा की तस्वीर

Follow Us

धमतरी। जिले के नगरी-सिहावा अंचल को पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन ने क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने के साथ मखाना उत्पादन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने की कार्ययोजना बनाई है। इसका उद्देश्य स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाना तथा रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

इसी सिलसिले में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नगरी प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत पदाधिकारियों से चर्चा कर कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। राम वनगमन पथ देवपुर में निर्माणाधीन कॉटेज और हॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बताया कि यहां छह कॉटेज, दो डॉरमेट्री और गार्डन सहित पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं और छोटे व्यवसायियों को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

कलेक्टर ने गणेश घाट और श्रृंगी ऋषि क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजनाओं की भी समीक्षा की। गणेश घाट में वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक संरचना का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही यहां भव्य घाट, पार्क, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। वहीं, श्रृंगी ऋषि पर्वत स्थित मंदिर तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम आवाजाही के लिए सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई गई है। इसके लिए सर्वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने अधिकारियों को आगे की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में फैले तालाबों में मखाना उत्पादन की संभावनाओं का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कहा कि उपलब्ध जल संसाधनों का उपयोग मखाना जैसी वैकल्पिक फसलों के लिए किया जा सकता है। इससे किसानों को आय का नया विकल्प मिलेगा और उत्पादन, प्रसंस्करण तथा विपणन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकेगा। इसके अलावा नगरी के आसपास लगभग 10 दुग्ध संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में सुबह और शाम दूध का संग्रहण किया जाएगा, जिससे पशुपालकों को नियमित रूप से दूध बेचने और बेहतर मूल्य पाने की सुविधा मिल सकेगी।

नगरी रेस्ट हाउस में पशु सखियों की बैठक लेकर कलेक्टर ने दुग्ध उत्पादन, पशुपालकों के पंजीयन और संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पशु सखियों को अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को इन केंद्रों से जोड़ने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के माध्यम से पशु सखियों को गुजरात भ्रमण पर भेजने की योजना भी है, ताकि वे वहां की उन्नत पशुपालन तकनीक और सहकारी दुग्ध व्यवस्था की जानकारी ले सकें। कलेक्टर ने चिलिंग प्लांट के संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर इसके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक भवन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का प्रयास है कि पर्यटन विकास के साथ कृषि और पशुपालन आधारित आजीविका को भी मजबूती मिले तथा स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, किसानों और महिला समूहों को इन गतिविधियों से जोड़ा जाए।