राजनांदगांव में जेवरात चोरी करने के आरोप में एक युवती गिरफ्तार

Follow Us

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में छोटी बहन की सहेली के घर से करीब दो लाख 20 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, लखोली बैगापारा निवासी एक महिला ने छह नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गत 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे उनके घर की अलमारी में रखी पुरानी इस्तेमाली चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, सोने के तीन जोड़ी टॉप्स समेत अन्य सोने-चांदी के जेवरात अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिए थे। चोरी गए जेवरात की कुल कीमत करीब दो लाख 20 हजार रुपये आंकी गई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 681/26, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच करने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मुखबिरों से जानकारी जुटाई।

शराब के नशे में ड्यूटी करने की शिकायत पर तहसील कार्यालय का रीडर निलंबित

जांच के दौरान शंकरपुर शिवानंद चौक, ओपी चिखली निवासी श्रेया रानी भीमगंज (21) की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी। घटना के दिन भी वह अपनी छोटी बहन के साथ उसकी सहेली के घर पहुंची थी। आरोप है कि युवती ने योजनाबद्ध तरीके से अपनी छोटी बहन और उसकी सहेली को सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर जाने के बाद उसने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए और वहां से फरार हो गई।

पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया रानी भीमगंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में युवती ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से करीब दो लाख 20 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी युवती को गत 22 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार सहित दोनों टीमों के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही।

चंदगीराम गोल्ड कप : विक्की हुड्डा और काजल ढोचक बने चैम्पियन