चार साल से अधिक समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर अब नई चर्चाएं तेज हो गई हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में ऐसा बयान दिया है, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि, यह लंबा संघर्ष अब समाप्ति की ओर बढ़ सकता है। मॉस्को में आयोजित विक्ट्री परेड समारोह के बाद पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में चल रहा युद्ध “खत्म होने के करीब” है। पुतिन ने दावा किया कि, पश्चिमी देशों ने रूस को कमजोर करने और उसकी सत्ता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मकसद में सफल नहीं हो सके।
उनके अनुसार, पश्चिम ने यूक्रेन को अपने भू-राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल किया और रूस की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा कि, अब वही देश इस संघर्ष के कारण पैदा हुए संकट में उलझते जा रहे हैं। रूसी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि, युद्ध की मौजूदा स्थिति को लेकर भारत, चीन और अमेरिका जैसे प्रमुख देशों के साथ बातचीत और रणनीतिक जानकारी साझा की गई है। हालांकि, उन्होंने किसी संभावित समझौते या युद्धविराम की स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई। पुतिन के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या दुनिया जल्द ही रूस-यूक्रेन युद्ध के अंत की गवाह बनने वाली है।
