IPL 2026: क्या संजू सैमसन बनेंगे CSK के नए कप्तान? ट्रेड की खबरों और कप्तानी की मांग पर खुद संजू ने तोड़ी चुप्पी

Follow Us

चेन्नई। IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई सुपर किंग्स में आए संजू सैमसन को लेकर लगातार चर्चा हो रही थी कि वह भविष्य में टीम के कप्तान बन सकते हैं। कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी माना था कि संजू, ऋतुराज गायकवाड़ की जगह कप्तानी संभाल सकते हैं, लेकिन अब खुद संजू सैमसन ने इस मुद्दे पर ऐसा बयान दिया है, जिससे इन चर्चाओं पर लगभग विराम लग गया है। दरअसल, सीएसके पॉडकास्ट के प्रोमो वीडियो में संजू सैमसन ने अभिनव मुकुंद से बातचीत के दौरान कहा, ‘जब आप किसी नए घर में जाते हैं, तो वहां मांगें लेकर नहीं जाते। सच कहूं तो मैंने यही सीखा है।’ उनके इस बयान को कप्तानी की मांग या किसी तरह की उम्मीदों से दूरी बनाने के रूप में देखा जा रहा है। संजू ने साफ कर दिया कि वह टीम में योगदान देने पर ध्यान दे रहे हैं, न कि पद की चाहत पर। वहीं कुछ समय पहले रविचंद्रन अश्विन ने कहा था कि भविष्य में संजू सैमसन सीएसके की कप्तानी कर सकते हैं। अश्विन ने कहा था, “मैं ज्योतिषी नहीं हूं, लेकिन मुझे लगता है कि किसी समय संजू सीएसके की कप्तानी करेंगे। कब होगा, यह नहीं जानता, लेकिन ऐसा हो सकता है।’ इस बयान के बाद कप्तानी की चर्चाओं ने और जोर पकड़ लिया था।

आपको बता दें की सीजन शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा था कि टीम को ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी से काफी फायदा होगा और वह शुरुआती सीजन में ही संजू पर कोई दबाव नहीं डालना चाहते। वहीं उन्होंने कहा, ‘हमारे पास ऋतुराज हैं, जो टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उनकी कप्तानी टीम को जरूर आगे बढ़ाएगी।’ संजू पर उन्होंने कहा, ‘जहां तक संजू की बात है, हम उन पर कोई दबाव नहीं डालना चाहते, क्योंकि हम उनकी क्षमताओं को जानते हैं।’ संजू सैमसन ने मैदान पर शानदार शुरुआत की है। आईपीएल 2026 में वह 10 मैचों में 402 रन बना चुके हैं। उनके नाम दो शतक और एक अर्धशतक भी दर्ज है। यानी कप्तानी की चर्चाओं से दूर संजू इस समय सिर्फ अपने खेल पर फोकस कर रहे हैं और बल्ले से टीम के लिए बड़ा योगदान दे रहे हैं।