भारतीय मूल के युवक पर परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का आरोप, पुलिस ने पीछा कर किया गिरफ्तार

Follow Us

टेक्सास। अमेरिका के टेक्सास में भारतीय मूल के 19 वर्षीय युवक पर अपने ही परिवार के सदस्यों की गोली मारकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी गौरव चोपड़ा को कार से भागने के दौरान पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां दो लोग मृत पाए गए। वहीं, तीसरे घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान पिता स्वीरा राम, मां कमलेश रानी और दादी मिंदर कौर के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर कार लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। इस दौरान हुई कार्रवाई में दो लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी की कार से एक हैंडगन बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है।

गौरव चोपड़ा को अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपी टेक्सास की यूनिवर्सिटी में छात्र बताया जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कहा है कि वह जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेगा। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।