नई दिल्ली। इन दिनों देश का एक बड़ा हिस्सा इस समय भीषण गर्मी और जानलेवा लू की चपेट में है। सूरज की तपिश और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मध्य और उत्तर भारत में मई के अंत तक लू का यह खौफनाक दौर जारी रहने वाला है। उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। आपको बता दें की इस समय सबसे डराने वाले आंकड़े महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से सामने आ रहे हैं। यहां के ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री के पार जा चुका है। राजस्थान का चित्तौड़गढ़ भी 44.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है। मैदानी इलाकों में सुबह से ही चल रही तेज धूप और दोपहर की गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में तापमान में अभी और इजाफा हो सकता है।
भीषण गर्मी की चपेट में भारत: विदर्भ में पारा 47°C के पार, तेलंगाना में लू से 16 लोगों की गई जान; जानें कब मिलेगी राहत
