इलाज कराने रायपुर गया परिवार, पीछे से सूने घर में लाखों की सेंध

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत चलचली गांव में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। परिवार के इलाज के लिए रायपुर जाने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों की नकदी सहित चांदी के आभूषण पार कर दिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक चलचली गांव निवासी ओमप्रकाश चौधरी अपने परिवार के साथ रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल इलाज कराने गए हुए थे। घर कई दिनों से बंद पड़ा था।

इसी बीच अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी सहित घर के अन्य सामानों को खंगाल डाला। चोर घर में रखी करीब 1 लाख 60 हजार रुपये नकद राशि और लगभग 5 हजार रुपये कीमत के चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। जब परिवार वापस गांव लौटा तो घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली मिली। घटना की सूचना तुरंत मरवाही थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और नाराजगी देखी जा रही है।