बलौदाबाजार-भाटापारा। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि पीडि़त डरें या संकोच न करें, क्योंकि समय पर की गई शिकायत से ठगी की रकम को होल्ड या ब्लॉक कराने में मदद मिल सकती है।
पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में नागरिकों को चार आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। सबसे पहले घटना की जानकारी मिलते ही बिना समय गंवाए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करें। इसके साथ ही ट्रांजैक्शन आईडी, स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग, मैसेज और बैंक से संबंधित दस्तावेज जैसे सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रखें। वित्तीय धोखाधड़ी होने पर पीडि़त को तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। शुरुआती समय में शिकायत मिलने पर संबंधित वित्तीय लेनदेन को होल्ड या ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा पीडि़त नजदीकी थाने या साइबर सेल बलौदाबाजार-भाटापारा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज करा सकते हैं। ऑनलाइन शिकायत के लिए पोर्टल का भी उपयोग किया जा सकता है।
Read more :- सौम्या-जीत की केमिस्ट्री ने मचाई धूम, फैंस बोले-ये जोड़ी है सुपरहिट
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध की जानकारी छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन को दें। पुलिस के मुताबिक, समय पर की गई शिकायत साइबर अपराधियों तक पहुंचने और ठगी की रकम को सुरक्षित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
