गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर से बस्तर तक रहेगा कड़ा पहरा, जानिए उनका मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

Follow Us

रायपुर। देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा बेहद हाई-प्रोफाइल माना जा रहा है, जिसकी शुरुआत 17 मई की रात 08:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के साथ होगी। वे सीधे नवा रायपुर स्थित एक होटल के लिए रवाना होंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 18 मई की सुबह 10:30 बजे अमित शाह राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वे डायल 112 सेवा के बेड़े में शामिल होने वाले नए आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रायपुर के इस कार्यक्रम के तुरंत बाद दोपहर 12:20 बजे वे सीधे बस्तर के जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

जगदलपुर पहुंचने के बाद गृहमंत्री शाह नेटनार में एक जनसुविधा केंद्र का उद्घाटन करेंगे और शाम को बस्तर की लोक संस्कृति से रूबरू होने के लिए पुलिस विभाग द्वारा आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। 18 मई की रात बस्तर में गुजारने के बाद, अगले दिन यानी 19 मई की सुबह 11 बजे से वे जगदलपुर में आयोजित होने वाली बेहद महत्वपूर्ण मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक के बाद उनकी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होनी है, जिसके बाद दोपहर 03:40 बजे वे सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। गृहमंत्री के इस बस्तर दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।