जगदलपुर। शहर के सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर रोशनी और नागरिक सुविधाएं बढ़ाने के लिए नगर निगम द्वारा हाई मास्ट लाइट लगाई जा रही है। इसी कड़ी में गंगा मुंडा तालाब क्षेत्र में विश्वकर्मा मंदिर के पास स्थापित हाई मास्ट लाइट का लोकार्पण इंद्रावती बेसिन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी और महापौर संजय पांडे की उपस्थिति में किया गया। इससे पहले शहीद पार्क के पास स्थित डॉ. सुभाष चंद्र बोस पार्क में भी हाई मास्ट लाइट लगाई जा चुकी है। इससे शाम के समय इन सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले लोगों को बेहतर रोशनी और सुविधा मिलेगी।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि विकास का मतलब केवल बड़े निर्माण कार्य नहीं, बल्कि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाना है। इसके लिए सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के साथ बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी, कर्मचारी और वार्डवासी मौजूद रहे।
