मिलावटखोरों पर सख्त हुए स्वास्थ्य मंत्री, बोले- दूध, दही, मक्खन में गड़बड़ी करने वालों को नहीं बख्शेंगे

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दूध, दही, मक्खन समेत खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल एनालॉग पनीर ही नहीं, बल्कि सभी खाने-पीने की चीजों में मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। रेलवे स्टेशन पर 500 किलो पनीर जब्त होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में कार्रवाई का अधिकार रेलवे प्रशासन के पास होता है। इसके बावजूद राज्य का खाद्य एवं औषधि विभाग पूरी तरह अलर्ट है और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और सरकार इस पर विचार कर रही है। वर्ष 2028 के चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों पर तंज कसते हुए जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही एकजुटता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें अमल में नहीं ला पाती। रायपुर कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ सांसद होने के नाते उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य जनता के हित के मुद्दे उठाना है और कांग्रेस को इससे सीख लेनी चाहिए।