“प्रदेश में सुशासन तिहार की बहार, इधर सीएमएचओ राजनांदगांव कर्मचारियों के साथ कर रहे हैं भेदभावपूर्ण व्यवहार”

Follow Us

राजनांदगांव। जिले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) द्वारा जारी एक आदेश को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। जारी आदेश में केवल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारियों के लिए आधार आधारित उपस्थिति अनिवार्य किए जाने तथा उसी के आधार पर वेतन आहरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि, स्वास्थ्य सचिव द्वारा पूर्व में जारी निर्देशों में स्वास्थ्य विभाग के नियमित एवं संविदा सहित सभी प्रकार के कर्मचारियों के लिए आधार आधारित उपस्थिति लागू करने का उल्लेख किया गया था। इसके बावजूद केवल एनएचएम कर्मचारियों पर यह व्यवस्था लागू करना भेदभावपूर्ण एवं दोहरी नीति को दर्शाता है। एनएचएम कर्मचारियों ने मांग की है कि, यदि विभाग में आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था लागू की जाती है, तो उसे सभी कर्मचारियों पर समान रूप से लागू किया जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि, केवल एनएचएम कर्मचारियों को लक्ष्य बनाकर आदेश जारी करना उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने का प्रयास प्रतीत होता है।

इस आदेश को लेकर कर्मचारियों एवं कर्मचारी संघों के बीच व्यापक चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी यह विषय चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जहां कई कर्मचारियों ने विभाग पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने इस आदेश को अनुचित बताते हुए कहा है कि, आधार आधारित उपस्थिति व्यवस्था सभी संविदा एवं नियमित सभी प्रकार के कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू होनी चाहिए। उनका कहना है कि विभागीय आदेश अनुसार सदैव सभी कर्मचारियों के लिए समान रूप से लागू होने चाहिए। वर्तमान आदेश के विरोध में कर्मचारियों में लामबंद होने की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।