रायपुर । राजधानी रायपुर के चंगोराभाठा स्थित सियान सदन में माँ कामाख्या धर्मादा ट्रस्ट के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न अस्पतालों के अनुभवी चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इस सेवा कार्य का बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं वरिष्ठजनों ने लाभ उठाया।
शिविर में एएसजीआई हॉस्पिटल (शंकर नगर), वाधवा हॉस्पिटल (मैत्री नगर) तथा नेचर क्योर हॉस्पिटल (आनंद नगर) की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम ने भाग लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ लोगों को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सियान सदन के वरिष्ठ सदस्य नारायण सिंह यदु मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं चंगोराभाठा की पार्षद श्रीमती दुर्गा यादव ने भी शिविर में पहुंचकर आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के हर वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं।
शिविर के दौरान ट्रस्ट की ओर से मुख्य अतिथि, पार्षद एवं चिकित्सकों की टीम का मोमेंटो और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के संगठन प्रभारी डॉ. नीता गुरु गोस्वामी, जिला अध्यक्ष श्रीमती कल्पना शुक्ला, चंगोराभाठा प्रभारी भावना शर्मा, टिकरापारा प्रभारी गैंदी बाई सिन्हा, रानी साहू, रेणु गुप्ता, नमिता पात्रा, कुंज बिहारी चौक प्रभारी संध्या तिवारी, सुंदर नगर प्रभारी मनोरमा बाजपेई, लक्ष्मी अवस्थी, सरोज शुक्ला, रजनी सोनी, मधु शर्मा तथा डॉ. अंकुर गुरुगोस्वामी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस सेवा अभियान में जन औषधि से जुड़े राजेश शर्मा का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के सफल संचालन पर ट्रस्ट के अध्यक्ष परम पूज्य गुरुदेव श्री संकर्षण शरण जी (गुरुजी) ने सभी आयोजकों, चिकित्सकों और सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए इस प्रकार के जनसेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
शिविर के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों ने ट्रस्ट एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।
