रायपुर। राजधानी में गुम हुए मोबाइल का दुरुपयोग कर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने फोन-पे के माध्यम से लगभग 2 लाख 4 हजार 996 रुपये निकालकर धोखाधड़ी की। गोकुल नगर, रावांभाठा निवासी रिखिराम साहू (44) का मोबाइल 19 मई को गुम हो गया था। इसके बाद बीते लगभग 25 दिनों के भीतर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन-पे अकाउंट का गलत इस्तेमाल करते हुए लगातार ट्रांजेक्शन कर कुल 2,04,996 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित को जब खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली, तो उन्होंने खमतराई थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गुम हुए मोबाइल और यूपीआई अकाउंट का उपयोग किस माध्यम से किया गया और इसमें कौन-कौन शामिल है।
