भाटापारा। भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल MY Bharat (मेरा युवा भारत) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भाटापारा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं युवाओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के पश्चात विद्यार्थियों एवं MY Bharat स्वयंसेवकों द्वारा एकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से समाज में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आम नागरिकों को देश की एकता एवं अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य सुनीता तिवारी के मार्गदर्शन एवं समन्वय में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा सहित अन्य अतिथियों एवं महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्गीय विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को दी अंतिम विदाई
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में MY Bharat वॉलंटियर राजीव मिर्झा, परमेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, NSS स्वयंसेवकों एवं युवाओं की सहभागिता रही।

