सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के चार होनहार विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन पहुंचकर जिले को गौरवान्वित किया है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के आशा रवा, ममता, अनिता बघेल और लक्ष्मण बारसे ने नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। जनजातीय गौरव दिवस सप्ताह के तहत 12 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से संवाद भी किया। चारों विद्यार्थियों ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) की वर्ष 2026 की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। आशा रवा, ममता और अनिता बघेल का चयन NIFT रायपुर में हुआ है, जबकि लक्ष्मण बारसे ने NIFT भोपाल में प्रवेश प्राप्त किया है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और NIFT आयुक्त डॉ. प्रतिमा से भी मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस उपलब्धि के पीछे जिला प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के निरंतर सहयोग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कलेक्टर अमित कुमार के प्रोत्साहन और सहायक आयुक्त हेमंत कुमार सिन्हा के सहयोग से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर मिले। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने भी उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई। एकलव्य विद्यालय से राष्ट्रपति भवन तक का यह सफर सुकमा के अन्य जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गया है।
