दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की सख्ती, 26 नमूने जांच के लिए भेजे गए

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच तेज कर दी है। अभियान के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 26 नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए रायपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच में पेंड्रा के स्वीट इंडियन रेस्टोरेंट से बर्फी और सेव, गौरेला के ओम साई डेयरी से पनीर और खोवा तथा कान्हा स्वीट्स से मिल्क केक और खोवा के नमूने लिए गए।

इसके अलावा मरवाही के भुवन होटल से बूंदी और बर्फी सहित जिले के अन्य प्रतिष्ठानों से पेड़ा, बेसन लड्डू, गजक और रजवाड़ी चिक्की के नमूने भी संकलित किए गए। जांच के दौरान 2 नवंबर को मरवाही स्थित भुवन होटल के परिसर में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छता मिलने पर उसका खाद्य पंजीयन निरस्त कर दिया गया। आवश्यक सुधार होने तक होटल का संचालन बंद करा दिया गया। परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी जलेबी को भी नष्ट कराया गया।

प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर जिले के दो अन्य प्रतिष्ठानों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया है। त्योहारी मौसम में लोगों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की जांच और कार्रवाई लगातार जारी है।