कांकेर। जिले के भानुप्रतापपुर स्थित गौतम अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। करीब ढाई महीने बाद यह कार्रवाई पीड़ित परिवार की शिकायत और जांच के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 मई को एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए गौतम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
मृतका के पति ने इस मामले को लेकर भानुप्रतापपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने गौतम अस्पताल के प्रबंधक डॉ. अनिल गौतम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों, चिकित्सकीय रिपोर्ट और विशेषज्ञों की राय के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
