प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, जिले के 1.13 लाख से अधिक किसानों को मिले 22 करोड़ रुपये से अधिक

Follow Us

० कृषि विज्ञान केंद्र में कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण, जिले के लगभग 200 किसान हुए शामिल

कवर्धा। गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की गई। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कृषि विज्ञान केंद्र, कवर्धा में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए लगभग 200 किसान शामिल हुए।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। वहीं, कबीरधाम जिले के 1 लाख 13 हजार से अधिक किसानों के खातों में 22 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया गया। इस राशि से किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में सहायता मिलेगी।

सुकमा के 20,528 किसानों के खातों में पहुंचे 4.12 करोड़ रुपये से अधिक

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री सुरेश चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार किसानों के विकास एवं उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा कृषि क्षेत्र को लाभकारी बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्राकृतिक खेती एवं तिलहन मिशन जैसी योजनाओं को किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इन योजनाओं से कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त प्राप्त होने पर किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कबीरधाम की कृषि स्थायी समिति के सभापति रामकुमार भट्ट ने शासन की कृषक उन्नति योजना तथा प्रधानमंत्री द्वारा डिजिटल माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में राशि हस्तांतरित करने की व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने किसानों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, कवर्धा के डॉ. बी.पी. त्रिपाठी ने केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती के महत्व, उसकी पद्धतियों एवं किसानों के लिए इसके लाभों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में कबीरधाम जिले के उप संचालक कृषि अमित मोहंती ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में शामिल अतिथियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिले के सैकड़ों किसानों के साथ कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।