कर्ज और खेती के बोझ के बीच किसान ने कीटनाशक खाया, इलाज के दौरान मौत

Follow Us

कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव में एक किसान ने कर्ज और खेती के बोझ से परेशान होकर कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय परदेसी राम कंवर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह करीब 3 एकड़ जमीन पर खेती करते थे और खेती का पूरा काम अकेले संभालते थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

तीन बेटे और एक बेटी, फिर भी खेती का बोझ अकेले:
मृतक के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि उनके पिता के तीन बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के पास करीब 3 एकड़ जमीन है। बेटों के घर में रहने के बावजूद खेती-बाड़ी में सहयोग नहीं करने से परदेसी राम परेशान रहते थे। वह अक्सर कहते थे कि खेती का सारा बोझ उन्हें अकेले उठाना पड़ रहा है।

कार के दरवाजे खोलकर हाईवे पर स्टंट, वायरल वीडियो के बाद केस दर्ज

30 हजार के कर्ज ने बढ़ाई परेशानी:
परिजनों के अनुसार, परदेसी राम पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज भी था। खेती की जिम्मेदारी, बढ़ते काम के दबाव और कर्ज को लेकर वह अंदर ही अंदर परेशान रहने लगे थे। हालांकि, उन्होंने परिवार के सामने अपनी परेशानी को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं की थी।

घर में कीटनाशक खाया, अस्पताल में मौत:
सुनील ने बताया कि बुधवार को उनके पिता ने घर में ही कीटनाशक का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बेटे के अनुसार, पिता पहले भी कहते थे कि काम बहुत ज्यादा है और अकेले संभालना मुश्किल हो रहा है।

युवा नवाचार को मिलेगा बड़ा मंच, कृषि विवि में 28 सितंबर से कॉन्क्लेव

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच:
घटना की सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।