सुकमा। सुकमा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा की गई घोषणा पर अमल करते हुए लोक निर्माण विभाग ने सुकमा-मलकानगिरी मार्ग के 12.05 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं नवनिर्माण के लिए 7 करोड़ 61 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। सड़क निर्माण से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में इस मार्ग पर जलभराव, कीचड़ और सड़क उखडऩे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसका असर ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों के आवागमन पर पड़ता है। वहीं, आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा छत्तीसगढ़ से ओडिशा के मलकानगिरी तक आने-जाने वाले लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
5.04 करोड़ का फर्जी लोन घोटाला,ईओडब्लू-एसीबी ने दो आरोपियों के खिलाफ पेश किया चालान
जल्द शुरू होगी निविदा प्रक्रिया
मार्ग के मजबूतीकरण और निर्माण के लिए आवश्यक वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। अब जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की तैयारी है।
आवागमन के साथ स्थानीय गतिविधियों को मिलेगा लाभ
सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के गांवों का संपर्क मजबूत होगा। ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही किसानों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के आवागमन को भी सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुकमा प्रवास के दौरान की गई घोषणा पर स्वीकृति जारी होने से सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को सड़क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
