मुंबई। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन’ने अपनी इमोशनल कहानी, शानदार म्यूजिक और इमरान हाशमी के दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब करीब 19 साल बाद फिल्म का सीक्वल ‘आवारापन 2’ दर्शकों के बीच आने के लिए तैयार है। मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसे फैंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है।
करीब 1 मिनट 45 सेकेंड के टीजर में इस बार भी प्यार, दर्द, बदला और एक्शन का दमदार मेल देखने को मिलता है। टीजर की शुरुआत इमरान हाशमी के किरदार शिवम से होती है, जो बाइक पर सफर करता नजर आता है। शुरुआत में उनका चेहरा नहीं दिखता, लेकिन बैकग्राउंड में उनकी आवाज सुनाई देती है— “कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं… उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है।” यह डायलॉग टीजर को रहस्यमयी और भावनात्मक बना देता है।
टीजर का सबसे भावुक पल तब आता है, जब शिवम एक कब्र के सामने खड़ा दिखाई देता है, जिस पर आलिया हमीद का नाम लिखा होता है। पहली फिल्म देखने वाले दर्शकों के लिए यह सीन पुरानी यादों को ताजा कर देता है। पहली फिल्म में आलिया का किरदार श्रिया सरण ने निभाया था। टीजर में इमरान हाशमी कहते हैं, “दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा… इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या फिर मैं।”
फिल्म में इस बार दिशा पाटनी फीमेल लीड रोल में नजर आएंगी। हालांकि टीजर में उनकी केवल एक झलक दिखाई गई है और उनका किरदार फिलहाल रहस्य बना हुआ है। वहीं, दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी मुख्य विलेन की भूमिका में दिखाई देंगी, जिससे फिल्म में नया रोमांच जुड़ने की उम्मीद है। बता दें कि पहली ‘आवारापन’ का निर्देशन मोहित सूरी ने किया था, जबकि ‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
