जनजातीय महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, महतारी वंदन योजना से 20.28 लाख महिलाएं लाभान्वित

Follow Us

रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय महिलाओं और बेटियों के सम्मान, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की उप संचालक डॉ. दानेश्वरी संभाकर ने अपने विशेष लेख में कहा कि जनजातीय समाज की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए शिक्षा, खेल, कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, वीर गुंडाधुर और रानी दुर्गावती के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन महान जननायकों का जीवन हमें स्वाभिमान, अन्याय के खिलाफ संघर्ष और अपनी संस्कृति पर गर्व करने की प्रेरणा देता है। लेख में जनजातीय बालिकाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि कोंडागांव जिले के बालिका गृह की दो जनजातीय बालिकाओं को पिछले दो वर्षों में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि साबित करती है कि उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार महिलाओं और जनजातीय परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 20 लाख 28 हजार 803 जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। इससे महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने के साथ परिवार की जरूरतों से जुड़े फैसले लेने में भी मदद मिल रही है।

वहीं, जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देने के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना संचालित की जा रही है। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक प्रदेश में इस योजना के तहत 2,072 विवाह संपन्न हुए हैं। इनमें करीब 580 हितग्राही अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में सहायता देना है।

डॉ. संभाकर ने कहा कि जनजातीय समाज की महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समावेशी विकास के लिए जरूरी है। जनजातीय गौरव का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब हर बेटी को अपनी प्रतिभा के अनुसार आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।