बस्ती के पास पहुंचा हाथी, हमले में 60 वर्षीय ग्रामीण की मौत; इलाके में दहशत

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। जंगल से निकलकर हाथी बस्ती के पास पहुंच गया था। इसी दौरान ग्रामीण का हाथी से सामना हो गया और हाथी ने उस पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना धरमजयगढ़ वन मंडल के बाकारूमा रेंज की है।

जानकारी के अनुसार, बाकारूमा रेंज के ग्राम जमावीरा निवासी रतन गुप्ता उर्फ चंदन (60) शनिवार रात करीब 2 बजे घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान जंगल की ओर से एक हाथी बस्ती के पास पहुंच गया। अचानक हाथी से सामना होने पर उसने रतन गुप्ता पर हमला कर दिया। हमले में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाथी कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर चला गया। ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

शनिवार के रिकॉर्ड के मुताबिक, धरमजयगढ़ वन मंडल में कुल 129 हाथी मौजूद हैं। इनमें 38 नर, 59 मादा और 32 शावक शामिल हैं। हाथियों के अलग-अलग दल विभिन्न रेंज के जंगलों में विचरण कर रहे हैं। बाकारूमा रेंज में फिलहाल 2-3 हाथियों के अकेले विचरण करने की जानकारी है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की निगरानी कर रही है, लेकिन बस्ती और जंगल के आसपास अचानक हाथियों से सामना होने के कारण ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।