दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम परिसर में गुरुवार को महापौर अलका बाघमार की इनोवा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के कुछ समय पहले ही महापौर वाहन से उतर चुकी थीं जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया जबकि उसमें रखे महत्वपूर्ण और कीमती दस्तावेज भी जल गए। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महापौर अलका बाघमार करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। निगम परिसर में इनोवा खड़ी करने के बाद वह वाहन से नीचे उतरीं। इसके कुछ ही देर बाद गाड़ी में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में आग लगते ही निगम परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
निगम कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
महापौर अलका बाघमार ने घटना के संबंध में बताया कि गाड़ी में कुछ महत्वपूर्ण और कीमती दस्तावेज रखे हुए थे, जो आग में जल गए।उन्होंने किसी साजिश की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि शुरुआती तौर पर वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना लग रही है। महापौर के अनुसार, महज आठ से 10 मिनट के भीतर पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई।
Read more:-छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता पर व्यापक मंथन
उन्होंने कहा कि समय रहते वे गाड़ी से उतर गईं, वरना घटना और भी गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद फोरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वाहन में आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

