गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित वेंकटनगर रेलवे स्टेशन पर बड़े रेल हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना के बाद गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से 108 एंबुलेंस और दमकल की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और रेलवे के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, मौके पर पहुंचने के बाद पता चला कि यह कोई वास्तविक रेल दुर्घटना नहीं, बल्कि रेलवे की ओर से आयोजित मॉक ड्रिल थी।
इस अभ्यास के दौरान रेल हादसे जैसी कृत्रिम परिस्थितियां तैयार की गईं, ताकि आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा जा सके। इसमें 108 एंबुलेंस, दमकल विभाग, रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना की सूचना मिलने पर विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया का समय, मौके पर पहुंचने की तत्परता और आपसी समन्वय की जांच करना था। इसके जरिए यह भी देखा गया कि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य कितनी तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं।
इस अभ्यास के माध्यम से रेलवे और प्रशासन ने संभावित दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया गया। ऐसी मॉक ड्रिल से वास्तविक दुर्घटना के समय जान-माल के नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।
