मॉस्को। रूस की वायु रक्षा प्रणालियों ने रात भर में मॉस्को क्षेत्र की ओर बढ़ रहे सैकड़ों यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने शनिवार को यह जानकारी दी। सोब्यानिन ने कहा कि शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह के बीच 460 से अधिक ड्रोन मॉस्को क्षेत्र की ओर बढ़े थे। उनका यह बयान यूक्रेन के सरकारी समर्थन वाले रक्षा समूह ‘ब्रेव1’ के शुक्रवार को किए गए उस दावे के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन ने पहली बार लेजर हथियार का इस्तेमाल कर रूस के जेट इंजन से चलने वाले ड्रोन को मार गिराया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार सेरही बेकरेस्तनोव ने इस सप्ताह की शुरुआत में एक वीडियो साझा किया था, जिसमें एक लक्ष्य आग के गोले में तब्दील होकर गिरता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कारमाइन स्काई द्वारा विकसित ‘ब्लिस्क’ लेजर प्रणाली एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा सुविधा की सुरक्षा कर रही थी, तभी उसने रूस के ‘गेरान’ जेट ड्रोन को मार गिराया।
अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे जहाज पर किया हमला
युद्ध के पांचवें वर्ष में प्रवेश करने के साथ यूक्रेन और रूस ने हाल के महीनों में ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं। वहीं, अमेरिका संघर्ष समाप्त करने के लिए वार्ता कराने के प्रयास कर रहा है। इससे पहले यूक्रेन की वायु रक्षा टीमें रूसी ड्रोन को मार गिराने के लिए मशीनगनों और कंधे से दागी जाने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल करती रही हैं। ब्रेव1 ने कहा कि लेजर हथियार का संचालन एक निजी वायु रक्षा दल ने किया था। समूह ने आगाह किया कि “पहली सफल अवरोधन कार्रवाई का मतलब यह नहीं है कि यह तकनीक बड़े पैमाने पर इस्तेमाल के लिए तैयार है।”
इस बीच, रूस के हमले शनिवार सुबह तक जारी रहे। निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्र के सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्जेंडर हांझा ने टेलीग्राम पर बताया कि क्षेत्र के चार जिलों में ड्रोन से 20 से अधिक हमले किए गए। इन हमलों में निप्रो शहर के परिवहन बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा और पूरे क्षेत्र में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में 15 वर्षीय एक लड़का भी शामिल है। इस सप्ताह की शुरुआत में रूसी सेना ने यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी शहर खार्किव में आवासीय इमारतों और एक शैक्षणिक संस्थान को निशाना बनाया था। बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से किए गए व्यापक हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी। इस हमले में कीव और अन्य क्षेत्रों में भी लोग हताहत हुए थे।
कोरबा में टायर दुकान के बाहर लगी आग, करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर खाक
