परिसीमन के जरिए राजनीतिक वर्चस्व स्थायी करके संघवाद कमजोर करना चाहता है आरएसएस : महासचिव एम. ए. बेबी

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (माकपा) के महासचिव एम. ए. बेबी ने शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का इस्तेमाल देश में स्थायी राजनीतिक वर्चस्व स्थायी करने के लिए करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत की संवैधानिक और लोकतांत्रिक बुनियाद के लिए खतरा है। बेबी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि आरएसएस परिसीमन प्रक्रिया के जरिए राजनीतिक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने पक्ष में हेरफेर करना और भारतीय समाज पर अपना प्रभाव मजबूत करना चाहता है।

उन्होंने कहा, “आरएसएस की इस परियोजना यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों का इस तरह पुनर्गठन किया जाए कि आरएसएस के नियंत्रण वाला फासीवादी राजनीतिक वर्चस्व भारतीय समाज में स्थायी हो जाए। इससे भारत की अवधारणा ही नष्ट हो जाएगी।” बेबी की यह टिप्पणी केंद्र सरकार द्वारा संसद की बैठक कम समय के नोटिस पर दोबारा बुलाए जाने के फैसले को लेकर विपक्ष की बढ़ती आलोचना के बीच आयी है। माकपा नेता ने केवल तीन दिन के नोटिस पर संसद का सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाया और परिसीमन विधेयक को फिर से पेश करने की कोशिश पर आपत्ति जतायी।

समुद्री मार्गों की सुरक्षा देशों की अर्थव्यवस्था और आम लोगों के जीवन से जुड़ी: राष्ट्रपति मुर्मु

उन्होंने सरकार पर प्रस्तावित विधायी प्रक्रिया के जरिए आरएसएस के कथित विभाजनकारी राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उनकी टिप्पणी से विपक्ष की उस आशंका को बल मिला है कि परिसीमन का इस्तेमाल राज्यों के बीच मौजूदा राजनीतिक संतुलन बदलने के लिए किया जा सकता है, जिसके देश के संघीय ढांचे पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं। प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया राजनीतिक विवाद का प्रमुख मुद्दा बन गयी है। खासकर लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग के संदर्भ में इस पर बहस तेज हुई है। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों का कहना है कि राज्यों के बीच संसदीय सीटों के मौजूदा आवंटन में बदलाव किए बिना लोकसभा की वर्तमान सदस्य संख्या के आधार पर महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए।

विपक्षी दलों ने यह चिंता भी जतायी है कि महिला आरक्षण को लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाने और नये सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ने पर जनसंख्या नियंत्रण में उल्लेखनीय प्रगति करने वाले राज्यों को नुकसान हो सकता है। उनका तर्क है कि इस तरह के कदम से राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बदल सकता है और जनसांख्यिकीय उपलब्धियों के लिए राज्यों को दंडित किए जाने जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। बेबी की आलोचना प्रस्तावित बदलावों को लेकर पारदर्शिता और विचार-विमर्श की मांग कर रहे विपक्ष के व्यापक अभियान के बीच आयी है। विपक्षी दलों ने जोर दिया है कि किसी भी परिसीमन प्रक्रिया में राजनीतिक लाभ का माध्यम बनने के बजाय संवैधानिक सुरक्षा उपायों, संघीय सिद्धांतों और राज्यों के न्यायसंगत प्रतिनिधित्व की रक्षा की जानी चाहिए।

महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर रुकावट दूर करेंगे: पीएम मोदी