भाटापारा। शासकीय गजानंद अग्रवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भाटापारा के रेड रिबन क्लब द्वारा नशा मुक्त भारत थीम के अंतर्गत जागरूकता रैली एवं डोर-टू-डोर अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने समीपस्थ संत माता कर्मा वार्ड में जागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “नशे को कहो ना, जिंदगी को कहो हाँ” “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली के पश्चात विद्यार्थियों ने वार्ड में घर-घर जाकर निवासियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही महाविद्यालय परिसर में भी विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले नुकसान एवं इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ए. आर. सी. जेम्स के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अभियान के सफल संचालन में रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. राजन तिवारी एवं इन्द्राणी मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वयं नशे से दूर रहकर दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
