दिल्ली के विश्वास नगर में भीषण आग से मचा हड़कंप, चार लोगों की मौत, दो घायल

Follow Us

नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में रविवार तड़के भीषण आग लगने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट को माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाना क्षेत्र की गली नंबर 11 में सुबह करीब 4 बजे आग लगी। हादसे के समय इमारत में छह लोग सो रहे थे। आग की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग शुरू होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।