वृहत अर्थव्यवस्था के आंकड़ों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

Follow Us

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में बीते सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर नीतिगत दरों को लेकर रिजर्व बैंक के बयान, सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) तथा दूसरे वृहत आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी। इस सप्ताह सोमवार 30 नवंबर को दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के जीडीपी के आंकड़े जारी होने हैं। उसी दिन औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े भी आएंगे। एचएसबीसी 01 दिसंबर को विनिर्माण क्षेत्र के और 03 दिसंबर को सेवा क्षेत्र के पीएमआई के आंकड़े जारी करेगा। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक 02-04 दिसंबर को होगी और अंतिम दिन नीतिगत दरों और आर्थिक स्थिति पर बयान जारी किया जाएगा। इसके अलाव, वाहनों की थोक बिक्री के आंकड़ें भी इसी सप्ताह जारी होने हैं। इन सभी कारकों का असर शेयर बाजारों पर दिखेगा। बीते सप्ताह मंगलवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के कारण अवकाश रहने से बाजार में चार दिन ही कारोबार हुआ।

छत्तीसगढ़ में चार जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, बलरामपुर सबसे ठंडा

इस दौरान प्रमुख सूचकांकों में गिरावट रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 580.45 अंक (0.69 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में शुक्रवार को 83,339.26 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक सोमवार और शुक्रवार को टूट गया जबकि बुधवार और गुरुवार को तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक सप्ताह के दौरान 193.40 अंक यानी 0.75 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 अंक पर रहा। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक लगभग स्थिर रहा। वहीं, स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.19 प्रतिशत की तेजी देखी गई। गत सप्ताह सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 17 के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा स्टील का शेयर 7.68 प्रतिशत, एक्सिस बैंक का 4.62, भारती एयरटेल का 4.20, भारतीय स्टेट बैंक का 3.34, बजाज फाइनेंस का 3.30 और कोटक महिंद्रा बैंक का 3.09 प्रतिशत गिर गया।

स्पेन में रविवार को आम चुनाव, सांचेज के सामने फीजो की चुनौती

अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.87 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 2.80, एशियन पेंट्स में 2.73, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.50, बजाज फिनसर्व में 2.29 और एलएंडटी में 2.14 प्रतिशत की गिरावट रही। मारुति सुजुकी का शेयर 1.65 फीसदी अडानी पोर्ट्स का 1.64, एनटीपीसी का 0.75, इटरनल का 0.38 और पावरग्रिड का 0.19 प्रतिशत के नुकसान में रहा। सप्ताह के दौरान टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 8.42 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 6.49, इंफोसिस का 5.07, टेक महिंद्रा का 4.19, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 3.21 और बीईएल का 2.51 प्रतिशत चढ़ा। आईटीसी में 1.91 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 1.42, टाइटन में 1.41 और इंडिगो में 1.34 प्रतिशत की तेजी रही। सन फार्मा का शेयर 0.84 प्रतिशत, ट्रेंट का 0.55 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 0.36 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।