जगदलपुर में अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, एथलेटिक्स में ईस्ट जोन का दबदबा

Follow Us

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कुम्हरावंड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में शनिवार को अंतर-क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से संबद्ध 29 शासकीय एवं 11 निजी कृषि महाविद्यालयों के 200 चयनित छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में ईस्ट जोन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।

रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता का उद्घाटन बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के अधिष्ठाता डॉ आरएस नेताम ने की। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय साजा के अधिष्ठाता डॉ ललित रामटेके और क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के सहसंचालक डॉ एके ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पांच क्षेत्रीय दलों ने मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि ने खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।

रायपुर में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब कॉन्क्लेव का शुभारंभ, उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा

प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में ईस्ट जोन के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन के ओम भगत ने प्रथम, सेंट्रल जोन के मुकेश कुमार ने द्वितीय और साउथ जोन के भावेश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन की संध्या नेताम प्रथम, साउथ जोन की गौरी नेताम द्वितीय और वेस्ट जोन की नंदनी भुवार्य तृतीय स्थान पर रहीं।

बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में ईस्ट जोन के हरेश ने प्रथम, वेस्ट जोन के अरमान ने द्वितीय और सेंट्रल जोन के यतीश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नॉर्थ जोन की कौशलिया प्रथम रहीं, जबकि साउथ जोन की प्रियंका और जीतेश्वरी ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के तहत वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो के क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी शुरू हो गए हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ राम कुमार ठाकुर सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापक, दल प्रबंधक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ में 5.34 लाख टन से अधिक धान की खरीदी, 1.33 लाख किसान लाभान्वित