गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के जरहीडीह गांव में पति द्वारा पत्नी की पिटाई किए जाने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच चरित्र को लेकर संदेह के चलते विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पति ने बेल्ट से पत्नी की पिटाई की, जिसके बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।
मृतका की पहचान मोनिका (32) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम राम कुमार बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात दोनों के बीच चरित्र संदेह को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी दौरान राम कुमार ने मोनिका के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलने पर शोभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों और विवाद की वजहों की पड़ताल कर रही है।
