बिलासपुर। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने आज केंद्रीय जेल बिलासपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कैदियों के लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को मंजूरी दी। निरीक्षण के दौरान डीजी जेल ने जेल उद्योग, शिक्षा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की।
इनमें जेल उद्योग के लिए कलर ऑफसेट प्रिंटिंग मशीन और एलईडी बल्ब व ट्यूबलाइट निर्माण के लिए मशीन सेटअप शामिल हैं। इसके अलावा जेल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई है। जेल लाइब्रेरी के लिए अंग्रेजी समाचार पत्र जैसे टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडियन एक्सप्रेस और हितवाद उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कैदियों को पढ़ाई और जानकारी के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने कैदियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय जेल बिलासपुर में 20 आरओ वाटर प्यूरीफायर, जेल पाकशाला के लिए ऑटोमेटिक रोटी मेकर मशीन और कैदियों के लिए 2000 थाली सेट उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। वहीं महिला जेल के लिए इन्वर्टर की सुविधा भी मंजूर की गई है। निरीक्षण के दौरान डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने कैदियों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
