फर्जी दस्तावेज से CRPF भर्ती का खुलासा: बर्खास्त आरक्षक जगदलपुर से गिरफ्तार, बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर

Follow Us

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी पाने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कूटरचित निवास प्रमाण पत्र के जरिए CRPF में भर्ती हुए एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जगदलपुर से पकड़ा गया, जहां वह गिरफ्तारी से बचकर छिपा हुआ था। जानकारी के अनुसार, मामले की शुरुआत तहसीलदार की शिकायत से हुई थी, जिसके बाद बलरामपुर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी स्थानीय निवास प्रमाण पत्र बनवाकर CRPF की 204 कोबरा बटालियन में नौकरी हासिल की थी।

जांच रिपोर्ट में खुलासा होने के बाद आरोपी को विभागीय कार्रवाई के तहत नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और आखिरकार उसे जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, आरोपी ने भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी कर सरकारी तंत्र को गुमराह किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि, इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। यह मामला सुरक्षा बलों की भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन की अहमियत को एक बार फिर उजागर करता है।