धमतरी। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं का प्रतीक ऐतिहासिक गंगरेल मड़ई का आयोजन गंगरेल स्थित आदिशक्ति मां अंगारमोती मंदिर परिसर में किया गया। दीपावली के बाद आने वाले पहले शुक्रवार को आयोजित इस मड़ई में धमतरी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगरेल मड़ई में धमतरी जिले के डूबान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के देवी-देवताओं के साथ केशकाल और बस्तर अंचल से भी आंगा देव और डांग-डोलियों के पहुंचने की परंपरा है। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और पूजा-अर्चना से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
मड़ई का प्रमुख आकर्षण संतान सुख की कामना करने वाली महिलाओं की पारंपरिक ‘परण’ रस्म रही। स्थानीय मान्यता के अनुसार महिलाएं मां अंगारमोती के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने के लिए इस परंपरा में शामिल होती हैं। मड़ई के दूसरे दिन 14 नवंबर को हरदानी, हल्दी खेलने सहित विभिन्न पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी। इसमें अलग-अलग गांवों से पहुंचे देवी-देवता अपने डांग-डोलियों के साथ शामिल होंगे। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने के साथ क्षेत्रीय पर्यटन को भी पहचान दिलाता है।
