गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले मरवाही वनमंडल में वन विभाग ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध साल लकड़ी बरामद की है। इस कार्रवाई में करीब 2 लाख रुपये मूल्य की साल चिरान और बड़े लट्ठे जब्त किए गए हैं। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि पिपरखुंटी बीट क्षेत्र में जंगलों से अवैध कटाई कर लकड़ियों को छिपाकर रखा गया है। सूचना के बाद डीएफओ ग्रीष्मी चांद के नेतृत्व में वन विभाग के उड़नदस्ते ने आधी रात छापेमार कार्रवाई की। टीम ने दो घरों में सर्च वारंट के साथ दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान 136 नग साल चिरान, 11 बड़े लट्ठे और लकड़ी कटाई में इस्तेमाल होने वाली चेनसॉ मशीन, हाथ आरी और कुल्हाड़ियां जब्त की गईं। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि, हाल ही में पीपरखुंटी बीट में 122 पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत सामने आई थी, जिसके बाद जांच के लिए रायपुर से फ्लाइंग स्क्वायड पहुंची थी। जांच के बाद डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड को निलंबित किया गया था।

