झाबुआ। जिले के मेघनगर इलाके में पशु तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गौसेवकों की सजगता से एक ऐसे ट्रक को पकड़ा गया है, जिसमें बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गई थीं। हरियाणा से केरल की ओर जा रहे इस ट्रक से कुल 56 जिंदा पशुओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
यह घटना मेघनगर के अगराल क्षेत्र की है। मुखबिर की सूचना पर गौसेवकों ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध ट्रक को रोका। जब ट्रक का पिछला दरवाजा खोला गया, तो अंदर का मंजर रूह कंपा देने वाला था। ट्रक के भीतर 56 भैंस के बच्चों को एक के ऊपर एक बेरहमी से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। दमघोंटू माहौल में इन बेजुबानों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। पशुओं की दयनीय हालत को देखते हुए गौसेवकों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत उनके लिए चारे और पानी की व्यवस्था की।
कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार तीन लोगों में से एक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जबकि दो अन्य को मौके पर ही दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में इन बेजुबानों को कहाँ और किस मकसद से ले जाया जा रहा था।
