रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रस्तावित ‘स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के विरोध के बाद न्यू राजेंद्र नगर स्थित कैफे में होने वाला यह आयोजन फिलहाल रद्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल को इस पार्टी का आयोजन किया जाना था, जिसे पंजाब की एक इवेंट कंपनी आयोजित करने वाली थी। आयोजकों ने कैफे बुकिंग के दौरान कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं दी थी, लेकिन जब संचालक को इसकी वास्तविक प्रकृति का पता चला, तो उन्होंने तुरंत बुकिंग रद्द कर दी। हालांकि आयोजन रद्द होने के बावजूद सोशल मीडिया पर इसका प्रचार जारी है। वायरल पोस्टर और वीडियो में युवाओं को इस पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा था, जिसमें एंट्री फीस और अन्य विवरण भी दिए गए थे। इस मुद्दे पर बजरंग दल ने कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि अगर ऐसे आयोजनों पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे स्वयं विरोध प्रदर्शन करेंगे। बताया जा रहा है कि इस तरह के ‘स्ट्रेंजर मीटअप’ या स्पीड डेटिंग इवेंट में अनजान लोगों को आपस में मिलने, बातचीत करने और मनोरंजन के लिए जोड़ा जाता है। इनमें डांस, म्यूजिक, गेम्स और थीम आधारित गतिविधियां शामिल होती हैं, जहां सिंगल, कपल या ग्रुप एंट्री दी जाती है।
रायपुर में ‘स्ट्रेंजर मीटअप पार्टी’ को लेकर विवाद, विरोध के बाद रद्द हुआ आयोजन
