नई दिल्ली। पालम गांव थाना पुलिस ने सेंधमारी के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुशील कुमार उर्फ साजन के रूप में हुई है, जिसके पास से चोरी का गैस सिलेंडर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल को पालम गांव थाने में ई-एफआईआर के तहत सेंधमारी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसके पास से चोरी का गैस सिलेंडर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शराब का आदी है और पहले टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता था। नौकरी छोड़ने के बाद उसने अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पालम गांव में चोरी का खुलासा, सिलेंडर और मोबाइल के साथ आरोपी गिरफ्तार
