तंत्र-मंत्र के शक में श्मशान घाट पर युवक की बेरहमी से पिटाई, तीन के खिलाफ कार्रवाई

Follow Us

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर तंत्र-मंत्र करने के संदेह में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर स्थित श्मशान घाट में हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में तीन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, युवक देवनगर के श्मशान घाट में मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तंत्र-मंत्र किए जाने की आशंका जताते हुए उन्होंने युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना में उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव की संलिप्तता सामने आई है। कोनी थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।