खैरागढ़ में कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क-बिजली-खाद की मांग को लेकर ट्रैक्टर रैली; दो घंटे तक हाईवे जाम

Follow Us

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में सड़क, बिजली और खाद जैसी जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रैली निकालने के बाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान तीन प्रमुख मांगें उठाईं। इनमें खपरी सिरदार से ढारा के नितिन चौक तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्तावित लगभग 12 किलोमीटर सड़क का जल्द निर्माण, अघोषित बिजली कटौती पर रोक और बढ़े हुए बिजली बिलों से राहत के साथ स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने तथा किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही। आंदोलन की शुरुआत ग्राम खपरी सिरदार से हुई, जहां से करीब 40 ट्रैक्टरों के काफिले के साथ कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने रैली निकाली। रैली भंडारपुर होते हुए ढारा के नितिन चौक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने डोंगरगढ़-खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर भारी वाहनों और यात्री बसों की लंबी लाइनें लग गईं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें जर्जर हैं, किसान खाद के लिए परेशान हैं और लगातार बिजली कटौती से आम लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार इन बुनियादी समस्याओं के समाधान के बजाय केवल घोषणाएं कर रही है। स्थिति को देखते हुए खैरागढ़ और डोंगरगढ़ से प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन लिया और सड़क मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने का लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस ने अपना चक्काजाम समाप्त कर दिया।