रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया उत्सव का उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। नक्सलवाद से मुक्ति के बाद यह प्रदेश का पहला राज्योत्सव है। आयोजन में राज्य की उपलब्धियों के साथ भविष्य की विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
राज्योत्सव स्थल को देश के विभिन्न राज्यों से आए कुशल कारीगरों ने आकर्षक रूप दिया है। यहां लगाए गए शासकीय मंडपों में सरकारी विभागों की योजनाओं, छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
यातायात और पार्किंग के विशेष इंतजाम
संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। शहर से आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह मार्ग निर्धारित किए गए हैं। परिसर के आसपास करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए दो बड़े प्रवेश द्वार भी बनाए गए हैं।
स्वास्थ्य और जनसुविधाओं की व्यवस्था
आयोजन स्थल पर नागरिकों के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए 20 बेड का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। सुरक्षा के लिए अग्निशमन दल की गाड़ियां भी मौजूद रहेंगी। इसके अलावा पेयजल, बिजली, सफाई और रोशनी की व्यवस्था की गई है। दर्शकों के बैठने के लिए विशाल डोम तैयार किया गया है और कार्यक्रमों के प्रसारण के लिए करीब 60 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुति और एयर शो रहेगा आकर्षण
राज्योत्सव में बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा। उत्सव का प्रमुख आकर्षण 2 नवंबर को सेंध लेक क्षेत्र के ऊपर होने वाला भारतीय वायुसेना का एयर शो रहेगा। इसमें सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम हिस्सा लेंगी। नौ विमानों के जरिए करीब 40 मिनट तक हवाई करतब और आकर्षक फॉर्मेशन का प्रदर्शन किया जाएगा।
