मसूरी में है नेटफ्लिक्स की सीरीज का असली ‘मुसाफिर कैफे’, आप भी ले सकते हैं इस हेरिटेज रिसॉर्ट का आनंद

Follow Us

नई दिल्ली। अगर आपने नेटफ्लिक्स पर विक्रांत मैसी की सुपरहिट रोमांटिक ड्रामा सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ देखी है, तो उसमें दिखे खूबसूरत कैफे ने आपका ध्यान जरूर खींचा होगा। कई लोगों को लगा कि यह सिर्फ एक फिल्मी सेट था, लेकिन सच यह है कि यह लोकेशन पूरी तरह असली है और आप भी वहां जाकर ठहर सकते हैं।

परदे पर नजर आने वाला यह कैफे असल में उत्तराखंड के मसूरी में स्थित ‘झरीपानी कैसल’ (Jharipani Castle) नाम की एक ऐतिहासिक और खूबसूरत हेरिटेज प्रॉपर्टी है। मॉल रोड के शोर-शराबे से दूर, लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर बसा यह रिसॉर्ट अपनी शांति और खूबसूरत वादियों के लिए जाना जाता है। देहरादून से 25 किलोमीटर दूर स्थित इस जगह से पूरी घाटी का मंत्रमुग्ध कर देने वाला नजारा दिखता है।

इस हेरिटेज प्रॉपर्टी के मुताबिक, नवंबर 2025 में शूटिंग के दौरान पूरी स्टारकास्ट और क्रू यहीं रुकी थी। शो में दिखने वाले लकड़ी के कॉटेज, हरी छतों वाली इमारतें और बालकनी से दिखते दिलकश नजारे इसी रिसॉर्ट का हिस्सा हैं। पर्यटक अब यहां के रस्टिक कॉटेज, डीलक्स रूम और सुइट्स में बुकिंग करवाकर विक्रांत मैसी की तरह पहाड़ों में सुकून भरे पल बिता सकते हैं। दिव्य प्रकाश दुबे के मशहूर उपन्यास पर बनी इस 8 एपिसोड की सीरीज में विक्रांत मैसी के साथ आदिल हुसैन भी मुख्य भूमिका में हैं। सीरीज हिट होने के बाद अब पहाड़ों के शौकीन सैलानी इस असली ‘मुसाफिर कैफे’ का रुख कर रहे हैं।