भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती की मौत का मामला सामने आया है। मालापार गांव में युवती का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान जागेश्वरी मांडवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर भानुप्रतापपुर क्षेत्र में नाबालिगों की मौत के ऐसे तीन मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अब तक सामने आए मामलों में किसी भी घटना के पीछे की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस हर मामले की अलग-अलग जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोर-किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और समय पर परामर्श पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
