रायपुर। नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। जनक राम ध्रुव के बाद अब कांग्रेस की सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी गांव में बनने वाली विधायक कॉलोनी में सरकारी आवास लेने से इनकार कर दिया है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक चातुरी नंद ने बारिश के मौसम में गरीब परिवारों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि सरकार के पास नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां आधुनिक और सुव्यवस्थित विधायक कॉलोनी विकसित की जा सकती है। इससे गरीब परिवारों को बेघर होने से बचाया जा सकेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि नकटी गांव में चल रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं उचित मुआवजे की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही विधायक कॉलोनी के निर्माण के लिए नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन किया जाए। गौरतलब है कि इससे पहले बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नकटी गांव के बजाय नवा रायपुर में विधायक कॉलोनी बनाने की मांग कर चुके हैं। नकटी गांव को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर है और इस मुद्दे को प्रमुखता से उठा रही है।

