रायपुर। संविधान हत्या दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए 25 जून 1975 को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का बेहद महत्वपूर्ण दिन बताया और आपातकाल के दौर को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री साय ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार ने सत्ता के अहंकार में संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक लगाई गई और बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानियों व पत्रकारों को भारत में आपातकाल के दौरान जेल भेजा गया।
अपने संदेश में सीएम साय ने लोगों से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाने के निर्णय का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि, यह दिन देश को लोकतंत्र की मजबूती और नागरिक अधिकारों के महत्व की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आपातकाल और लोकतंत्र के मुद्दे को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।
