रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। बुधवार को रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम बदला और बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ के लिए बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।
मौसम तंत्र का प्रभाव दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिक देखने को मिल सकता है। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसमी सिस्टम के कारण दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। रायपुर में भी अगले 24 घंटे बादल छाए रहने और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। सक्रिय गहरे अवदाब के तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ने की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून का अंतिम दौर चल रहा है। हालांकि, मौसमी सिस्टम की सक्रियता के कारण मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भी राज्य में बारिश की चेतावनी जारी की है।
