छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ी गर्मी की मार: बारिश थमते ही चढ़ा पारा, लोगों का हाल बेहाल

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। पिछले दिनों हुई बदली और हल्की बारिश के बाद अब प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में पारा 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई है। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव में महसूस की गई, जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दूसरी ओर दोपनापाल इलाके में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। हालांकि 13 मई को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर देखने को मिल सकता है। रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।